ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता मामले में गिरफ्तार कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। श्रीकांत त्यागी को एक अन्य मामले में कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सोमवार को श्रीकांत को वर्ष 2007 के मामले और गैंगस्टर एक्ट के केस में कोर्ट में पेश किया गया। पुलिसकर्मी उसे कोर्ट के पीछे के रास्ते से लेकर पहुंचे। गैंगस्टर केस में 14 दिन की न्यायिक हिरासत पूरी होने के कारण उसे न्यायालय में पेश किया गया। श्रीकांत को फिर से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बता दें कि श्रीकांत त्यागी ने न्यायालय में पेशी के दौरान जान का खतरा बताया है। जेल प्रशासन को पत्र लिखकर अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। जेल प्रशासन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया है।
वहीं श्रीकांत त्यागी पर फेज-3 थाने में वर्ष 2007 में दर्ज किए गए केस में गिरफ्तारी नहीं होने व कोर्ट में पेश नहीं होने के कारण गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। अब नए केस में गिरफ्तारी होने व जिला कारागार में निरुद्घ होने संबंधित प्रार्थना पत्र अधिवक्ता के माध्यम से श्रीकांत ने न्यायालय में दिया था। जिससे गैरजमानती वारंट निरस्त किया जा सके। इस मामले में श्रीकांत को न्यायालय में पेश होना था। लेकिन श्रीकांत ने खतरा बताते हुए अतिरिक्त सुरक्षा मांगी है। श्रीकांत का कहना था कि उसका मामला मीडिया में चर्चित हो चुका है। उसके कोर्ट में पहुंचने पर भीड़ एकत्रित हो सकती है जो उसे नुकसान पहुंचा सकती है।
नहीं मिली अतिरिक्त सुरक्षा
श्रीकांत ने अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है, लेकिन उसे अतिरिक्त सुरक्षा अभी नहीं मिली है। श्रीकांत की 14 दिन की न्यायिक हिरासत में की अवधि पूरी हो गई थी। पुराने मामले में भी उसे कोर्ट में पेश किया गया। उसे फिर से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
- सुुशील भाटी, श्रीकांत त्यागी के अधिवक्ता
श्रीकांत ने अतिरिक्त सुरक्षा की मांग के लिए पत्र दिया है। पत्र को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को भेज दिया गया है। जेल प्रशासन की ओर से श्रीकांत को न्यायालय ले जाते और लाते समय पूरी सतर्कता बरती गई थी।
- अरुण प्रताप सिंह, जेल अधीक्षक गौतमबुद्घ नगर