काजू कतली, कलाकंद और समोसे का टैक्स खा रहे थे दुकानदार
दुकानों पर आयकर विभाग के सर्वे में करोड़ों की कर चोरी पकड़ी गई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पहले दिल्ली फिर बुलंदशहर और सोमवार को नोएडा समेत अन्य शहरों में मिठाई की दुकानों पर आयकर विभाग के सर्वे कार्रवाई में करोड़ों की कर चोरी पकड़ी गई है। छापेमारी के केंद्र में वो मिठाई की दुकानें-रेस्तरां रहे, जिनमें पेट पूजा नाम के बिलिंग सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा था।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस सॉफ्टवेयर के जरिए की गई बिलिंग का डेटा डिलीट कर, बदलाव कर बिक्री छिपाई गई। गड़बड़ी में के और एस फॉर्म्यूले को अपनाया गया। के अक्षर से शुरू होने वाले उत्पाद काजू कतली, कलाकंद, खोये की बर्फी वहीं एस से समोसे की बिक्री डेटा को हो चुकी बिलिंग से डिलीट कर दिया जा रहा था। फिर फाइनल बिलिंग में बिक्री कम दिखती थी और टैक्स भी कम दिया जाता था। इसी तरह बड़ी बिक्रियों की जगह पर बैकडेटा में छोटी बिक्रियों को दर्ज कर दिया जा रहा था। उदाहरण के तौर पर चमचम मिठाई की बिलिंग एक रुपये की चटनी बिक्री से बदल दी जाती थी। शहर के सेक्टर-27 और 18 दो बड़ी मिठाई की दुकानों पर आयकर विभाग का यह सर्वे हुआ है।
आयकर विभाग की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, कर चोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेस्तरां व फूड सर्विस सेक्टर में राष्ट्रीय स्तर पर सर्च एवं सर्वे कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित जोखिम विश्लेषण के आधार पर की गई। आयकर महानिदेशक जांच लखनऊ की अगुवाई में नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ में कई दुकानों पर सर्वे की कार्रवाई की गई है।
मशीन और कम्प्यूटर को आयकर टीमों ने किया सीज
आयकर विभाग ने नोएडा के सेक्टर-27 और 18 स्थित दो दुकानों पर सर्वे किया। यहां पर रविवार की शाम से ही आयकर की टीमें पहुंची जो सोमवार दोपहर बाद तक रहीं। इस दौरान दुकानों की बिक्री का भी आकलन किया गया। छापेमारी की भनक लगने पर ग्राहकों की संख्या पर असर पड़ सकता था इसलिए सर्वे शांति से विभाग की टीमों ने किया। आखिर में बिलिंग मशीन और कम्प्यूटर, लैपटॉप को सीज कर टीमें ले गईं। अब इस डेटा का फॉरेंसिक विश्लेषण चल रहा है।
रेस्तरां व फूड सर्विस सेक्टर में हड़कंप
आयकर विभाग का यह सर्वे रेस्तरां व फूड सर्विस सेक्टर को लेकर है। इसमें मिठाई की दुकानों, रेस्तरां पर गड़बड़ियां मिली हैं। नोएडा में बड़ी संख्या में बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायतें रेस्तरां से लेकर बार क्लब में सामने आती रहती हैं। यह सर्वे शुरू होने के बाद कई का बिलिंग पैटर्न तत्काल बदला गया है। सेक्टर-18 में एक पराठे वाले की दुकान पर टीम ने बिलिंग को लेकर सवाल कर दिया तो आनन-फानन में मेडिकल इमरजेंसी बताकर दुकानदार ने दुकान बंद कर दी। इसके बाद देर शाम दुकान खुली तो एक पराठा लेने वाले ग्राहक को भी उसका बिल दिया गया।