ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर ओमेगा-1 स्थित स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल में जारी दो दिवसीय शूटिंग चैंपियनशिप शुक्रवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा खेल भावना का विकास करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। स्पर्श समूह के सीईओ डॉ. अमित सक्सेना और प्रधानाचार्या ज्योति राणा ने प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूल की शूटिंग कोच पारुल मलिक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।