पुलिस के अनुसार, नसीम डी ग्रुप (दाऊद गिरोह) का सदस्य था। वह गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा दिल्ली में दर्ज हत्या के दो मामलों में भी उसकी तलाश की जा रही थी।
छोटा शकील के कहने पर ली थी सुपारी
नसीम का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हत्या की साजिश से भी जुड़ा रहा है। एसटीएफ से मिली जानकारी के अनुसार उसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कनाडाई मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बीती देर रात उसकी लोकेशन बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में मिलने के बाद यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान बदमाशों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई। गोली लगने से नसीम घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
16 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था नसीम
यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में मारे गए नसीम उर्फ रिजवान का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। पुलिस के आपराधिक इतिहास के दस्तावेज में उसके खिलाफ वर्ष 2010 से 2026 तक कुल 25 एफआईआर दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, दंगा और अवैध हथियार रखने जैसी संगीन धाराएं शामिल हैं।
उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं।नसीम के खिलाफ सबसे पुराने मुकदमे वर्ष 2010 में दर्ज हुए थे। इनमें गोकुलपुरी थाने में लूट की धारा 392 और भजनपुरा थाने में चोरी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था। वर्ष 2012 में गाजियाबाद के लोनी थाने में हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज हुआ। इसके बाद वर्ष 2013 में गाजियाबाद के सिहानी गेट थाने में दो मुकदमे दर्ज हुए। इनमें लूट, डकैती और चोरी का माल रखने जैसी धाराएं शामिल थीं।
वर्ष 2014 में नसीम के खिलाफ दिल्ली के गोकुलपुरी, करावल नगर और सराय रोहिल्ला थानों में चार मुकदमे दर्ज हुए। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, दंगा और अवैध हथियार रखने जैसी धाराएं शामिल थीं। वर्ष 2016 में खजूरी खास थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। वर्ष 2017 में भी उसके खिलाफ जाफराबाद, गोकुलपुरी, खजूरी खास, हर्ष विहार और स्पेशल सेल में कई मुकदमे दर्ज हुए। इनमें लूट, हत्या के प्रयास और हथियार रखने के मामले शामिल हैं।
वर्ष 2021 में दयालपुर थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ। वर्ष 2025 में लोनी थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ। इसी साल स्पेशल सेल और दयालपुर थाने में भी मुकदमे दर्ज हुए। वर्ष 2026 में खजूरी खास थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। इस तरह नसीम का आपराधिक रिकॉर्ड करीब 16 वर्षों तक फैला हुआ है।