जिले के मुक्केबाज ने अंतरराष्ट्रीय ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में बनाई जगह
75-80 किग्रा भारवर्ग में हिस्सा लिया था
300 मुक्केबाजों ने भाग लिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप में
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। रायबरेली में हुई ओपन राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जिले के बॉक्सर शेखर शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता है। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की कर ली है। चैंपियनशिप चीन में होने की संभावना है।
18 से 22 जुलाई तक हुई चैंपियनशिप में ग्रेटर नोएडा के देवटा गांव निवासी शेखर शर्मा ने 75-80 किग्रा भारवर्ग में हिस्सा लिया था। उन्होंने सेमीफाइनल में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के प्रतिद्वंद्वी अनिकेत को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया जहां उनका मुकाबला मध्य प्रदेश के राजमाली से हुआ। उन्होंने विपक्षी मुक्केबाज को पराजित करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में कई राज्यों से करीब 300 मुक्केबाजों ने भाग लिया था।
प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीत चुके हैं दो स्वर्ण
शेखर ने 2023 में थाईलैंड और 2024 में हॉन्गकॉन्ग में प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। उनके पिता महेश शर्मा को विश्वास है कि शेखर अंतरराष्ट्रीय ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भीबेहतर प्रदर्शन करेंगे। वह दिल्ली के अलीपुर स्थित बॉक्सिंग अकादमी में कोच संदीप मलिक से प्रशिक्षण ले रहे है।