नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी शेफाली वर्मा ने बुधवार को दिल्ली में संत राजिन्दर सिंह महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद शेफाली अपने परिवार के साथ विजय नगर स्थित कृपाल आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने सावन कृपाल रूहानी मिशन और साइंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी के प्रमुख संत राजिन्दर सिंह महाराज से मुलाकात की।
शेफाली ने कहा कि वे हर टूर्नामेंट से पहले अपने गुरु का आशीर्वाद लेती हैं और ध्यान-अभ्यास व आध्यात्मिकता की शिक्षाओं से उन्हें मैदान पर एकाग्रता बनाए रखने में मदद मिलती है। वहीं संत राजिन्दर सिंह महाराज ने शेफाली को देश का गौरव बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ध्यान और दृढ़ता से जीवन के हर क्षेत्र में सफलता संभव है। शेफाली वर्मा का चयन प्रारंभ में टीम में नहीं हुआ था, मगर साथी खिलाड़ी की चोट के बाद उन्हें मौका मिला, जिसे उन्होंने अपनी उत्कृष्ट प्रदर्शन से ऐतिहासिक उपलब्धि में बदल दिया। ब्यूरो