शाहबेरी का आधार कार्ड केंद्र संचालक बना फर्जी डाक्टर-नेता का मददगार
- फर्जी डाक्टर ने कहा कि आरोपी का लखनऊ तक है जुगाड़, करता है पहचान पत्र में संशोधन
- डायग्नोस्टिक सेंटर के नाम से भी जीएसटी का कराया था रजिस्ट्रेशन, गहनता से जांच जारी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल के हत्थे चढ़ा फर्जी डॉक्टर व नेता पूर्णव शंकर शिन्दे का मददगार शाहबेरी में आधार केंद्र चलाने वाला संचालक है। आरोपी से गहन पूछताछ के बाद पुलिस को यह जानकारी मिली है। आरोपी केंद्र संचालक खुद का जुगाड़ लखनऊ में बताकर फर्जीवाड़ा करता है। पुलिस आरोपी केंद्र संचालक की तलाश में जुट गई है। वहीं, आरोपी पूर्णव शंकर शिन्दे ने डायग्नोस्टिक सेंटर के नाम से भी जीएसटी का रजिस्ट्रेशन करवाकर फर्जीवाड़ा किया है। पुलिस व साइबर सेल बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े की आशंका से गहनता से जांच कर रही है।
दादरी के म्यू-2 सेक्टर में रहने वाले पूर्णव शंकर शिन्दे को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी ने बीएएमएस महिला से शादी करने के बाद वैवाहिक वेबसाइट की मदद से एक एमबीबीएस समेत चार युवतियों से पहचान कर खुद के डाॅक्टर होने का झांसा देकर शादी की। आरोपी ने शाहबेरी में एक भवन किराये पर लेकर अस्पताल का बोर्ड लगाया और एंबुलेंस खड़ी कर दी। आरोपी ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन करवाकर जाल में फंसाई गई युवतियों के नाम पर लाखों रुपये का लोन ले लिया। शाहबेरी में बड़ी संख्या में बाहर से आए लोग रह रहे हैं। ऐसे में यहां अपराधियों और बांग्लादेशियों के पहचान पत्र फर्जीवाड़ा कर बनाये जाने की आशंका है।
युवतियों को इमोशनल ब्लैकमेल करता था
आरोपी सभी युवतियों से यह कहता कि उसकी पहली पत्नी का नाम पूजा था वह मर चुकी है। वह कहता था कि वह किसी और नाम की युवती को अपनी पत्नी नहीं देख सकता। इसलिए वह उनका नाम पहचान पत्र में संशोधन करवाकर पूजा करा देता था। आरोपी की पहचान शाहबेरी में आने जाने के दौरान आधार केंद्र संचालक से हो गई थी। इसी की मदद से सभी पहचान पत्र के नाम आदि में संशोधन किए गए। आरोपी जरूरत पड़ने पर जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी कर लेता था। आरोपी के पास से विधायक के हस्ताक्षर वाला पत्र मिला है।
शाहबेरी में पहले भी हुए हैं फर्जीवाड़े
- हाईकोर्ट की रोक के बावजूद अवैध भवनों का निर्माण
- मंदिर, ट्रस्ट और श्मशान की भूमि पर अवैध कब्जा
- दफ्तर खोलकर विदेश में नौकरी के नाम पर कई लोगों से ठगी
- एक ही जिम में दो युवतियों से नाम धर्म छुपाकर दुष्कर्म