फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: शाहरुख, सलमान और आमिर बने बकरीद के सितारे, बाजार में लाखों में बिक रहे

विज्ञापन
विज्ञापन
बकरीद 28 को, तीन दिन तक चलेगी बलि, शहर में उत्साह चरम पर
विज्ञापन




संवाद न्यूज एजेंसी



नोएडा। बकरीद का चांद नजर आने के साथ ही शहर की गलियों, बाजारों और मोहल्लों में रौनक बढ़ गई है। कहीं लोग अपने पसंदीदा बकरों को सजाने में जुटे हैं तो कहीं छोटे बच्चे उन्हें शाहरूख, सलमान और आमिर जैसे नाम देकर पुकार रहे हैं। शहर में 20 हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक के बकरे बिक रहे हैं। इनमें अल्लाह के निशान वाले बकरों की मांग सबसे ज्यादा है।
बाजारों में विभिन्न नस्लों और वजनों के बकरे बिक रहे हैं। जिन बकरों के शरीर पर प्राकृतिक रूप से अल्लाह या बिस्मिल्लाह जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं, उनकी कीमत सबसे अधिक लग रही है। सेक्टर-9 निवासी शाहबुद्दीन ने बताया कि इस बार बाजार में शाहरूख, सलमान और आमिर नाम के बकरों की काफी मांग रही। उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ कुर्बानी के लिए ही नहीं बल्कि अच्छे और सुंदर बकरे खरीदने को लेकर भी उत्साहित नजर आए। कई खास बकरे त्योहार से पहले ही बिक चुके हैं।
विज्ञापन


तीन हिस्सों में बांटा जाता है गोश्त



सेक्टर-8 मस्जिद के मौलाना कारी नाजिम ने बताया कि 28 मई को सुबह ईद की नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद लोग कुर्बानी करेंगे। बकरीद का त्योहार तीन दिनों तक मनाया जाता है और इन दिनों में कुर्बानी दी जाती है। इस्लाम में कुर्बानी का विशेष महत्व है। कुर्बानी के बाद गोश्त को तीन हिस्सों में बांटा जाता है। पहला हिस्सा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए रखा जाता है, दूसरा रिश्तेदारों और पड़ोसियों में बांटा जाता है, जबकि तीसरा हिस्सा परिवार के लिए रखा जाता है। यही इस त्योहार का सबसे बड़ा संदेश भी है कि खुशियां सभी के साथ साझा की जाएं। उन्होंने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण और स्वच्छ तरीके से मनाने की अपील भी की।

इस बार लोग भारी वजन और अच्छी नस्ल वाले बकरे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कई ग्राहक तो बच्चों की पसंद के हिसाब से बकरों के नाम देखकर खरीदारी कर रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग शाहरुख और सलमान नाम के बकरों की है। -याकुब, विक्रेता



कुछ बकरों पर प्राकृतिक रूप से अल्लाह और बिस्मिल्लाह जैसे निशान हैं। ऐसे बकरों को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। इनकी कीमत सामान्य बकरों से कहीं ज्यादा है। कई बकरे लाखों के बिक रहे हैं। -शिबू, विक्रेता



हम हर साल बकरीद पर कुर्बानी करते हैं। इस बार बच्चों की जिद पर सलमान नाम का बकरा खरीदा है। बच्चे उसे परिवार के सदस्य की तरह मान रहे हैं। उसका ध्यान रखा जा रहा है। -शाहबुद्दीन, सेक्टर-8 निवासी
विज्ञापन




बकरीद सिर्फ कुर्बानी का त्योहार नहीं बल्कि इंसानियत और भाईचारे का पर्व है। हम हर साल गोश्त का हिस्सा गरीबों में जरूर बांटते हैं ताकि हर कोई त्योहार की खुशी मना सके। -जावेद, सेक्टर-10 निवासी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें