नोएडा। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित नेशनल इंटर-जोनल कराटे चैंपियनशिप का समापन सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। दो दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर के करीब 400 बालक–बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
गौतमबुद्ध नगर जिले की ओर से नॉर्थ जोनल टीम के 12 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नोएडा स्टेडियम की 8 वर्ष की युवा कराटे खिलाड़ी शगुन मलिक ने 30 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। शगुन के अलावा 13 वर्ष वर्ग में वैष्णवी शर्मा ने सिल्वर (45 किग्रा), 10 वर्ष वर्ग में आराध्या गुप्ता ने सिल्वर (25 किग्रा), 15 वर्ष वर्ग में वानीश्री प्रिया ने ब्रॉन्ज (61 किग्रा), 14 वर्ष में दिव्या भाटी (54 किग्रा) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। कराटे वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष क्योसी संजय शर्मा और महासचिव कमल थापा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। गोल्ड और सिल्वर पदक विजेताओं को अब 16–18 जनवरी 2026 को तालकटोरा स्टेडियम में होने वाली यूथ लीग कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।