माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शादी से पहले पहचान छिपाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी विशाल राणा उर्फ ताबिश असगर को अदालत से अग्रिम जमानत मिली है। मामला थाना सेक्टर-113 में दर्ज मुकदमा से जुड़ा है।
शाहजहांपुर की रहने वाली महिला की एफआईआर के अनुसार चार साल पहले आरोपी से उसकी मुलाकात हुई। आरोपी ने खुद को हिंदू और राजपूत बताया था। दिसंबर 2021 में मंगनी और फरवरी 2023 में गाजियाबाद में हिंदू रीति से शादी हुई थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर के समय उसे आरोपी का असली नाम पता चला। उसने यह भी आरोप लगाया कि बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया, फरवरी 2024 में गर्भ ठहरने पर गर्भपात कराया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। नवंबर 2024 में रामनगर घुमाने ले जाकर पहाड़ से धक्का देने की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है। वहीं बचाव पक्ष ने कहा कि आरोपी को इसी मुकदमे में पहले ही जमानत मिल चुकी है। आगे की जांच के बाद दूसरे पूरक आरोप पत्र में धारा 120-बी जोड़ी गई। अभियोजन ने अग्रिम जमानत का कड़ा विरोध किया। अदालत ने आरोपी को शर्तों के साथ जमानत दी है।