नोएडा (संवाद)। गुलावली गांव में जमीन विवाद को लेकर एक कंपनी डायरेक्टर ने सेक्टर-20 थाने में जमीन मालिक सहित 15 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। नई दिल्ली कुतुब बिहार निवासी सत्य होम्स प्राइवेट कंपनी के डायरेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी ने ग्रेटर नोएडा गांव गुलावली में रामप्रसाद से उनकी जमीन 5.50 करोड़ में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराया था। साथ ही 55 लाख एडवांस दिए और बाकी 4.95 करोड़ बैनामे के समय देने की बात तय हुई। पीड़ित के मुताबिक रामप्रसाद अनुसूचित जाति के हैं, जिन्हें गैर अनुसूचित जाति को बेचने के लिए डीएम की अनुमति लेनी पड़ती है। रामप्रसाद ने एग्रीमेंट के बाद डीएम से अनुमति लेने का भरोसा दिया था लेकिन बाद में मुकर गए और जमीन को दूसरे लोगों के साथ बेचने का सौदा करने लगे। उन्होंने बताया कि दूसरे बैनामे को रद्द कराने के लिए कोर्ट में मामला विचाराधीन है।