सेक्टर-71 अंडरपास में कैंटर ने बाइक सवार को रौंदा
नोट- फोटो है।
-सेक्टर-52 से 71 की ओर जा रहा था बाइक चालक, हादसे के बाद अंडरपास में वाहनों का आवागमन रोका गया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-71 अंडरपास में रविवार की शाम एक तेज रफ्तार कैंटर वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूर जाकर कैंटर चालक कैंटर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची फेज-3 थाना पुलिस ने अंडरपास में ट्रैफिक रुकवाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही कैंटर को भी कब्जे में लिया। मौके पर करीब 45 मिनट तक अंडरपास में सेक्टर-52 से 71 की ओर का आवागमन बंद रहा।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के नंदग्राम का विनोद कुमार ( 29) किसी काम से नोएडा बाइक से आए थे। वह अंडरपास से सेक्टर-52 से 71 की ओर जा रहे थे। आधी दूरी भी तय कर गए थे इतने में पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। लोगों के एकत्र होने के पहले ही आरोपी कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि देर शाम तक मृतक के परिजनों ने मामले को लेकर शिकायत नहीं दी है।
सेक्टर-12-22 चौराहे पर कैंटर वाहन ने दो कार में टक्कर मारी: रविवार सुबह सेक्टर-12-22 चौराहे पर तेज रफ्तार कैंटर ने दो कार में टक्कर मार दी। यह टक्कर एसीपी ऑफिस के सामने हुई। इसमें एक कार के पास से गुजर रही महिला घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत खतरे से बाहर है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर 12 निवासी शालू गोयल रविवार सुबह नेाएडा स्टेडियम के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान सेक्टर 10 की ओर से आ रहे दिल्ली नंबर के ट्रक के चालक ने गाय सामने आने पर एकाएक ब्रेक लगा दिए। अनियंत्रित ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी कार को साइड मारी। फिर आगे की कार से टकरा गया। रफ्तार तेज होने से ट्रक का एक एक्सल टूट गया और इससे पहिया भी टूटकर अलग हो गया। मौके पर जुटे राहगीरों ने महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।