फोटो माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तिलपता गांव में एक ट्रांसपोर्टर ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की है। मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण रंजन सिंह की ओर से संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच एसीपी ट्रैफिक को सौंपी गई है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक भागवत नामक एक ट्रांसपोर्टर अपने (पिकअप) से तिलपता की ओर जा रहा था। नागर डेयरी के समीप यातायात अधिक होने पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी की ओर से एक तरफ के यातायात को रोका गया था। इसी दौरान पीछे से ट्रांसपोर्टर अपने वाहन के साथ आगे आ गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी का यातायात को रोकने के दौरान किया गया हाथ ट्रांसपोर्टर को लग गया। अचानक से हाथ लगने से ट्रांसपोर्टर की नाक से खून निकलने लगा। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी की ओर से गलती मानने के बजाए ट्रांसपोर्टर से अभद्रता की गई है। इस बात से नाराज ट्रांसपोर्टर अपने साथियों के साथ चौकी पहुंच गया। ट्रांसपोर्टर के अपने साथियों के साथ सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के अधीन तिलपता चौकी पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया सामने आया है। वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि यातायात संचालन के दौरान गलती से यातायात सिपाही का हाथ ट्रांसपोर्टर को लग गया था। पिटाई के आरोप निराधार है।