ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित लोटस विला सोसाइटी में लावारिश कुत्तों के काटने की घटनाओं को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे सामान्य होता जा रहा है। रविवार को कुत्तों की समस्या के विरोध में सोसाइटी के गेट पर प्रदर्शन करने वाली घरेलू सहायिकाओं में से सोमवार को कई महिलाएं काम पर लौट आईं, हालांकि कुछ सहायिकाओं ने अभी भी काम शुरू नहीं किया है।
सोसाइटी के निवासी दिनेश ने बताया कि सोमवार को करीब आधी घरेलू सहायिकाएं वापस आ गई हैं, जबकि कुछ सहायिकाएं अभी काम पर नहीं लौटी हैं। वहीं, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के सचिव दुर्गा प्रसाद ने बताया कि सभी घरेलू सहायिकाएं वापस आ गई हैं और सोसाइटी में कामकाज सामान्य हो गया है।