- राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर गौतमबुद्ध नगर के विद्यार्थियों में उत्साह
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए संचालित राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना 2026-27 को लेकर गौतमबुद्ध नगर में विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले में छात्रवृत्ति के लिए 96 सीटें निर्धारित हैं, जबकि इन सीटों के लिए अब तक 1000 से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन पूरे हो चुके हैं। सीमित सीटों के मुकाबले बड़ी संख्या में आवेदन होने से परीक्षा में विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की उम्मीद है।
इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक हर वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। चार वर्षों में एक विद्यार्थी को कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है। यह राशि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च कम करने में मददगार हो सकती है। जिले में 1000 से अधिक आवेदन पूरे कराने में सरकारी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीएसए राहुल पंवार ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक कारणों से पढ़ाई प्रभावित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।