नोएडा। सेक्टर-66 में सड़क किनारे कार खड़ी कर खाना खाने गए इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी की कार को चोरों ने निशाना बना लिया। आरोपियों ने कार का शीशा तोड़कर तीन लैपटॉप बैग समेत चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर फेज-3 थाना पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गाजियाबाद के विजयनगर निवासी इशात खन्ना सेक्टर-64 स्थित नीवा बोपा इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय में कार्यरत हैं। शुक्रवार रात काम खत्म करने के बाद वह अपने दो साथियों के साथ कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में सेक्टर-66 में एक दुकान पर बिरयानी खाने के लिए रुके। करीब आधे घंटे बाद वापस आए तो कार का शीशा टूटा मिला और तीनों लैपटॉप गायब थे। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के अनुसार, चोरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।