सोसाइटी के गेट पर सिक्योरिटी गार्ड से की मारपीट
- जेपी कॉसमॉस सोसाइटी की घटना, पुलिस से की गई शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसाइटी के गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड पर दबंगों ने हमला कर दिया। इसमें सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में एओए के सचिव ने कोतवाली एक्सप्रेसवे में शिकायत दी है। सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के सचिव नारायण दत्त की तरफ से पुलिस से शिकायत की गई है कि मंगलवार रात को सिक्योरिटी गार्ड योगेश गेट नंबर छह पर ड्यूटी कर रहा था। उसी समय योगेश पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला किया। हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के समय गार्ड ने अपनी ड्यूटी के तहत संदिग्ध लोगों को रोकने और पूछताछ करने की कोशिश की थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। घायल गार्ड को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोप है कि गार्ड ने बगैर अनुमति के सोसाइटी में जाने से रोका था। एडीसीपी मनीषा सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है।