-32 लाख मुआवजे की रकम के लिए की गई है युवक की हत्या
-पांच दिन से गायब था युवक, गन्ने के खेत में मिला था शव
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। रबूपुरा थाना क्षेत्र के गांव कलूपुरा में सगे छोटे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पिता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने बड़े भाई, उसके बेटे और ससुर को नामजद किया था। पुलिस ने सोमवार को जेवर के पास से ससुर को गिरफ्तार किया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कलूपुरा निवासी सुरेश चंद शर्मा के छोटे बेटे सुखदेव (32) का रविवार को गन्ने के खेत में शव मिला था। शव मिलने के बाद पिता ने अपने ही बड़े बेटे हरकेश, उसके बेटे हिमांशु और ससुर अनिल निवासी जेवर के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पिता ने बताया था कि उन्हेें जमीन के मुआवजे के तौर पर 32 लाख रुपये मिले थे। बड़ा बेटा मुआवजे की पूरी रकम खुद ही हड़पना चाहता था। इसीलिए वह अपने छोटे भाई से रंजिश मानता था और लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। सुखदेव फरीदाबाद में रहकर नौकरी करता था और जब वह कलूपुरा आया तो मौका देखकर हरकेश ने अपने बेटे और ससुर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
हरकेश और उसके बेटे की तलाश जारी : मृतक सुखदेख के लापता होने के बाद हरकेश घर पर ही था। जब परिवार के लोग थाने जा रहे थे तो वह शुक्रवार को भाग गया था। शव मिलने के बाद उसका बड़ा बेटा हिमांशु भी रविवार को घर से भाग निकला। अब पुलिस इन दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस को दोनों पिता-पुत्र को हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में भी तलाश रही है।
ससुर से पूछताछ कर रही है पुलिस : जेवर एसीपी सार्थक सेंगर ने बताया कि परिजनों ने तीन लोगों पर नामजद केस दर्ज कराया था। जिसके बाद एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की पूछताछ जारी है और जल्दी ही अन्य दोनों नामजदों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।