संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। दादूपुर गांव से कासना की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इस सड़क पर जगह-जगह जल भराव और बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क आसपास के दस गांवों को जोड़ती है, इसलिए यह स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है।
ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चों की बसें भी गुजरती हैं । इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। कई बार यहां हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। गांव के निवासी मुकेश नागर ने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों की वजह से लोगों की जान को खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि गांव के श्मशान घाट तक जाने के लिए सड़क नहीं है, जिसके कारण लोगों को स्कूल के रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। मुकेश नागर ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी न तो मौके पर सर्वे के लिए पहुंचा है और न ही कोई समाधान किया गया है।