- लघु उद्योग भारती एजेंसी के सहयोग से छोटे सिलिंडर का वितरण किया शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गैस किल्लत ने लोगों का बजट बुरी तरह से बिगाड़ दिया है। उद्यमियों के अनुसार, जिले के अधिकतर उद्योगों से करीब 20 फीसदी श्रमिकों ने इसी गैस किल्लत को लेकर पलायन किया, जिसके चलते उद्योग भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए लघु उद्योग भारती ने अब ऐसे कर्मचारियों को रोकने के लिए एजेंसी के सहयोग से छोटे सिलिंडर का वितरण शुरू कर दिया है।
लघु उद्योग भारती नोएडा इकाई के अध्यक्ष अमित सिंघल ने बताया कि आज संगठन से जुड़े उद्योगपतियों के कर्मचारी जो गैस की किल्लत से काम छोड़ रहे हैं या सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, उन्हें पांच किलो वाले छोटे सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा है। खास बात है कि इसके लिए केंद्रीय एमएसएमई विभाग की ओर से सहायता मिली है। इसके जरिए इंडियन गैस एजेंसी के माध्यम से ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जा रही है जो बाहर से आकर यहां रोजी रोटी के लिए काम कर रहे हैं। दरअसल लघु उद्योग भारती गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इंडियन गैस एजेंसी के सहयोग से 1523 रुपये में मिलने वाला पांच किलो का छोटा सिलिंडर वितरित किया जा रहा है।
पीएनजी के आवेदन किया, लेकिन प्रभावी होने में लगेगा समय : उद्यमियों ने बताया कि सिर्फ पीएनजी कनेक्शन लेने से फायदा नहीं है। दरअसल पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद की प्रक्रिया लंबी है। इसमें सबसे ज्यादा समय पीएनजी लाइन बिछाने में लगेगा, जिसके लिए उद्योगों को हफ्तों इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में सिर्फ कर्मचारियों का पलायन ही नहीं, उत्पादन भी बुरी तरह से प्रभावित हो चुका है।
हमने कर्मचारियों को राहत पहुंचाने के लिए यह प्रयास शुरू किया है, एजेंसी के सहयोग से छोटे सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं। -नरेश कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती, गौतमबुद्ध नगर
आज नोएडा फेज- 2 की कंपनियों में छोटे सिलिंडरों का वितरण किया जाएगा, ताकि नोएडा के कर्मचारियों को राहत मिल सके। -अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती, नोएडा इकाई