महंत ने आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का लगाया आरोप
नोएडा। गेझा गांव स्थित एक मंदिर के महंत ने युवक पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो व फोटो वायरल करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि इससे महंत की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। इस मामले में महंत की शिकायत पर कोतवाली फेज टू पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गेझा गांव के मंदिर के महंत ने पुलिस से शिकायत की है कि कुछ दिन पहले उन्हें पता चला कि सोशल मीडिया पर मंदिर परिसर के फोटो व वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। वीडियो मंदिर के लोगों के हैं। जानकारी करने पर पता चला कि अभिषेक कुमार की आइडी है। फोटो व वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। इनके साथ जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है। यह जानकारी लोग वाट्सएप ग्रुप पर भी साझा कर रहे हैं। कई लोगों के फोन इस बारे में आ रहे हैं। इससे उनकी बदनामी हो रही है। कोतवाली प्रभारी विन्ध्यांचल तिवारी का कहना है कि महंत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है ।