-जिला न्यायालय की अदालत ने सुनवाई के बाद सुनाई सजा
-अप्रैल 2018 में नोएडा के सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अपर सत्र व विशेष न्यायाधीश पॉक्सो-द्वितीय की कोर्ट ने एक व्यक्ति को छह साल की मासूम से छेड़छाड़ करने का दोषी करार दिया है। कोर्ट ने दोषी बप्पी प्रकाश निवासी निठारी को 5 साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 20 हजाार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। अर्थदंड नहीं देने पर तीन माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
एडीजीसी जेपी भाटी ने बताया कि 29 अप्रैल 2018 की शाम करीब साढ़े चार बजे छह साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी बप्पी प्रकाश वहां पहुंचा और लालच देकर अपने कमरे में ले गया। वहां पर बच्ची से छेड़छाड़ की। किसी तरह बच्ची अपने आप को छुड़ाक घर पहुंची। वहां अपने पिता को पूरी जानकारी दी। उसके बाद बच्ची के पिता ने सेक्टर-39 कोतवाली में शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही जांच पूरी कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की।
उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से 5 गवाह पेश किए गए। पीड़िता के साथ उसके माता-पिता, एफआईआर लिखने वाला पुलिसकर्मी, जांच अधिकारी और डॉक्टर ने गवाही दी। कोर्ट ने बच्ची व अन्य की गवाही पर आरोपी बप्पी प्रकाश को दोषी करार दिया। कोर्ट ने दोषी को 5 साल के कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई हैं।