थाई स्पा सेंटर में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा, दो गिरफ्तार
बरौला में चल रहा था स्पा सेंटर, संचालक समेत तीन फरार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस ने बरौला स्थित थाई स्पा सेंटर में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा कर आपत्तिजनक हालत में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल, नौ हजार रुपये और एंट्री रजिस्टर समेत अन्य सामान बरामद किया है। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। मामले में स्पा सेंटर संचालक समेत तीन आरोपी फरार हैं।
सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस की टीम ने बरौला गांव में अलोरा थाई स्पा सेंटर छापा मारा। यहां एक कमरे में एक महिला और युवक आपत्तिजनक दशा में मिले। युवक की पहचान सेक्टर-50 निवासी विपुल कोहली के रूप में हुई है। वहीं, एक अन्य कमरे में सेक्टर-22 निवासी राहुल कुमार एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया।
पुलिस ने राहुल और विपुल के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया और उनके साथ मौजूद युवती और महिला का बयान लेकर छोड़ दिया। एसीपी महिला सुरक्षा सौम्या सिंह का कहना है कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और स्पा संचालक समेत तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
नौकरी के नाम पर बुलाकर वेश्यावृत्ति
पुलिस जांच में पता चला है कि वेश्यावृत्ति
में शामिल युवतियों व महिलाओं को नौकरी के नाम पर बुलाया जाता था। मौके पर मिली युवतियों ने पुलिस को बताया कि स्पा सेंटर के संचालक और उसके साथियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर संपर्क किया और नोएडा बुलाया। ग्राहकों से जो पैसा मिलता था उसका कुछ हिस्सा महिलाओं और युवतियों को मिलता था बाकी पैसा स्पा संचालक और दलाल के पास चला जाता था।
-
स्थानीय पुलिस अनजान थी या कुछ और
कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र में चल रहे स्पा सेंटर के नाम पर सेक्स रैकेट के बारे में स्थानीय पुलिस अनजान थी। हालांकि चर्चा है कि इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की ओर से कार्रवाई की गई है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही सूचना मिली वैसे ही कार्रवाई की गई।
-
पुलिस की तीन सदस्यीय टीम लगाई गई
सेक्स रैकेट के खुलासे के बाद स्पा सेंटर संचालक कोमल, भगवान सिंह व सोनू की तलाश के लिए पुलिस की तीन सदस्यीय टीमें लगाई गई हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही मौके से बरामद डायरी की भी जांच की जा रही है। लगातार आने वाले ग्राहकों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।