नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में सीवर लाइन की गंभीर समस्या बनी हुई है। repeated शिकायतों के बावजूद प्राधिकरण कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और यातायात में परेशानी हो रही है।
- शिकायत के बाद भी नहीं हो पा रहा समस्या का समाधान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के सेक्टरों में सीवर लाइन का बुरा हाल है। जगह जगह सीवर उफान पर हैं ऐसे में लोगों को रास्तों पर चलना भी मुश्किल हो गया है। सेक्टर हों या गांव सभी का हाल एक जैसा है। ऐसा भी नहीं कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में निवासी और आरडब्ल्यूए शिकायत करके थक चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
सेक्टर 51 आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि सेक्टर के अंदर सी, डी, ई, एफ ब्लॉक में सीवर का बुरा हाल है। यहां पर सीवर ओवरफ्लो होकर बहता रहता है। यह स्थिति लोगों के घरों के सामने भी बनी हुई है। इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सीवर लाइन की सफाई की जरूरत है। संजीव ने बताया कि प्राधिकरण की टीम की ओर से सीवर की सफाई के दौरान नालियों के मलबे को हटाते नहीं है और यहां से पानी लेकर जाते हैं जिसे बड़े नाले में डाल देते हैं। इससे मच्छर और संक्रमण का पनपने का खतरा बढ़ता है। सीवर लाइन का पानी एसटीपी तक पहुंच नहीं रहा है क्योंकि रास्ते में कई जगह सीवर लाइन टूटी हुई है। टूटी हुई सीवर नालियों को ठीक किया जाए और सीवर का पानी नाले में न डाला जाए।
नई सीवर लाइन का संचालन भी सही नहीं
सेक्टर 19 के आरडब्ल्यूए महासचिव लक्ष्मी नारायण ने बताया कि सेक्टर के अंदर 40 साल पुरानी सीवर लाइन है। ऐसे में सेक्टर के अंदर जगह जगह सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। मेरी गोल्ड स्कूल से विनायक हॉस्पिटल तक एक साल पहले नई सीवर लाइन डाली गई है लेकिन इसका उचित संचालन नहीं हो पा रहा है।