ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर बीटा-1 में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोग परेशान हैं। सेक्टर के कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे लोगों को दुर्गंध के साथ बीमारी फैलने का डर सता रहा है। आरडब्ल्यूए महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीवर विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़कों और घरों के आसपास गंदा पानी जमा होने से मच्छर पनप रहे हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मौके का निरीक्षण कर सीवर लाइनों की सफाई कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। साथ ही नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।