लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के दलनछपरा गांव में कुत्ता काटने की उलाहना देने गए लाल बहादुर और परिजनों की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी गई। इसमें लाल बहादुर सहित सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाल बहादुर की तहरीर पर विपक्षियाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दोकटी थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि दलन छपरा गांव निवासी परमात्मा माली ने कुत्ता पाला हुआ है। बुधवार देर शाम कुत्ते ने लाल बहादुर को काट लिया। उलाहना देने के लिए लाल बहादुर उनके घर गए तो विवाद हो गया। परमात्मा माली के परिवार के लोगों ने उनपर हमला कर दिया। छुड़ाने के लिए धर्मदेव माली के परिवार के लोग पहुंचे। इससे परमात्मा माली के परिवार के लोग नाराज हो गए और सभी लोगों पर हमला कर दिया। इसमें बबली माली (18), सुधीर माली (30), चंद्रावती देवी (65), रेणु देवी (32), तनु देवी (30), चेंगन माली और लाल बहादुर (35) घायल हो गए। गांव के लोग घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य सोनबरसा ले गए। यहां से बबली, सुधीर, चंद्रावती, रेनू देवी व तनु को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।