लॉजिक्स ब्लॉसम सोसाइटी की लिफ्ट में फंसे लोग।
-एओए ने रख रखाव एजेंसी से मांगा जवाब
-लिफ्ट एजेंसी समेत अन्य को नहीं मिला महीनों से पैसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-137 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम काउंटी सोसाइटी में रविवार देर रात लिफ्ट अचानक खराब हो गई। चार बच्चों समेत सात लोग करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। सूचना मिलने पर मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी टीम ने दरवाजा खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सोसाइटी प्रबंधन की ओर से घटना की जांच कराने और तकनीकी खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया गया है।
सोसाइटी के निवासियों के अनुसार क्यू टावर में लिफ्ट ऊपर जाते समय बीच में रुक गई। लिफ्ट में मौजूद लोगों ने इमरजेंसी अलार्म और फोन के माध्यम से मदद मांगी। मेंटेनेंस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद सोसाइटी निवासियों ने लिफ्ट के रखरखाव को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सोसाइटी के रखरखाव कार्यों में लापरवाही बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि लिफ्ट की नियमित जांच और सर्विसिंग नहीं होने से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। निवासियों ने सोसाइटी में सभी लिफ्ट की सुरक्षा ऑडिट कराने रखरखाव दुरुस्त करने की मांग की है।
लिफ्ट मेंटेनेंस एजेंसी को लिखा पत्र, मांगा जवाब
अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) पदाधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद लिफ्ट की रखरखाव एजेंसी को पत्र लिखा गया है। इस पत्र के जरिये उनकी जवाबदेही तय की जा रही है। इसके लिए उनसे जवाब मांगा गया है।
एओए सचिव बोले, अभी हैंडओवर बाकी
एओए सचिव सतेंद्रपाल सिंह ने बताया कि 3 मई को चुनाव हुआ और 4 मई को रिजल्ट आया। उसके बाद नई टीम का गठन हुआ। हालांकि अभी तक पूरी तरह से हैंडओवर नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि फिर भी जैसी ही कुछ बैंक अकाउंट का उन्हें हैंडओवर मिला है, उन्होंने सुविधाएं देना शुरू कर दिया है। पिछली टीम ने बिजली का बिल डेढ़ साल से पेंडिंग करके रखा था, उसे भी क्लियर किया गया। कई एजेंसी हैं जिनके पैसे पूरे नहीं दिए हैं। इनमें लिफ्ट की एजेंसी भी शामिल हैं, जिनका पैसा जनवरी से देना बाकी है।