माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सिरिंज मामले में जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही थम नहीं रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से सीएमओ और जिला प्रशासन को स्पष्टीकरण भेजने के बाद डाटा ऑपरेटर के बयान दर्ज किए गए हैं। ऐसे में स्पष्ट है कि अस्पताल प्रशासन ने अपनी ही मनगढंत कहानी बनाकर एक तरफा स्पष्टीकरण दिया है और दूसरे पक्ष का बयान भी नहीं लिया गया। यही नहीं, अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में अन्य किसी को दोष न देते हुए डाटा ऑपरेटर की ओर से हुई तकनीकी गलती बताया है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से स्पष्टीकरण भेज दिया गया है और यह स्पष्टीकरण अब शासन को भेजा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर अस्पताल की ओर से जिला प्रशासन को स्पष्टीकरण भेजने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच शुरू हो गई है।