सोशल मीडिया गलत पोस्ट की तो जाना पड़ेगा जेल
नोएडा। सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट आपको जेल भिजवा सकती है। इतना ही नहीं, किसी दूसरे की पोस्ट को शेयर, लाइक या ट्वीट करने पर भी सजा हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि अयोध्या प्रकरण पर किसी प्रकार विवादित पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर न करें। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों की नजर लगातार सोशल साइट्स पर बनी हुई है। जिले में करीब 500 पुलिसकर्मी और खुफिया विभाग के अधिकारी-कर्मचारी फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप आदि पर होने वाली हर एक गतिविधि की पड़ताल कर रहे हैं। नोएडा में अभी तक तीन लोगों को सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी करने पर गिरफ्तार किया गया है। वहीं, रविवार को कई ग्रुपों में आम लोगों ने इसको लेकर सतर्कता संबंधी संदेश भी भेजा गया है।
बता दें कि अयोध्या मामले में आए फैसले को लेकर कई दिनों पहले ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए कमेटी बना दी थीं। इसमें तीन तरह से अफसरों को नियुक्त किया गया है। कुछ अधिकारी सीधे व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक आदि से जुड़े हैं। वहीं, जिन अधिकारियों को व्हाट्सएप ग्रुप में किसी ने सदस्य नहीं बनाया, वह ग्रुप एडमिन की हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर लोगों के अकाउंट पर निगरानी के लिए अन्य अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
साइबर अपराध विशेषज्ञ अनुज अग्रवाल ने बताया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर गलत बयानबाजी न हो और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक सप्ताह पहले ही योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू हो गया था। जिले में तीन लोगों को इस संबंध में गिरफ्तार भी किया गया है। प्रयास है कि हर मोबाइल से निकलने वाले मैसेज को देखा जा सके। कुछ संदिग्ध लोगों को पहले ही चिह्नित किया जा चुका है और उन्हें ट्विटर आदि पर फॉलो किया जा रहा है।
कैसे करें खुद का बचाव
- बिना सोचे समझें कोई पोस्ट न करें।
- अपने मोबाइल को किसी अनजान के हाथ में न दें।
- भावनाओं में बहकर कोई भी पोस्ट शेयर न करें।
- फेसबुक पर सोच समझकर ही दूसरों की पोस्ट को लाइक करें।
- बिना जान पहचान के लोगों के व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल न हों।