ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर गामा-1 स्थित प्रज्ञान स्कूल में रविवार को प्रस्तावित गौतमबुद्ध नगर की सीनियर बालक एवं बालिका रोल बॉल टीम के जिला स्तरीय चयन ट्रायल स्थगित कर दिए गए हैं। अब ट्रायल 22 नवंबर को होंगे। ट्रायल में जिले के सीनियर वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए जिले की टीम में शामिल किया जाएगा। रोल बॉल कोच मिलिंद शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों को संशोधित तिथि के अनुसार निर्धारित समय पर प्रज्ञान स्कूल पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की खेल क्षमता, तकनीक, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया जाएगा।