दनकौर(संवाद)। क्षेत्र में स्थित वृद्धाश्रम में बुधवार को समाज कल्याण की ओर से वरिष्ठ नागरिक सम्मान और वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग से अनुदानित संस्था जन कल्याण परिषद के द्वारा वृद्धों का स्वास्थ्य जांच कैम्प लगाकर दवाइयों का वितरण भी किया गया। जन कल्याण परिषद संस्था के अध्यक्ष अमर सिंह राठौर ने बताया कि आश्रम में करीब 106 लोग रह रहे हैं। सभी पुरुषों को कुर्ता पजामा दिया गया और महिलाओं को साड़ी और सूटों का वितरण किया गया। चिकित्सक डॉ. किरण राय और उनकी टीम ने सभी बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की। कार्यक्रम के दौरान वैदिक धर्म का प्रवचन राम प्रकाश शास्त्री द्वारा किया गया, जिसमें लोगों को जीवन जीने के तरीके सिखाए गये। अंत में वृद्ध पुरुषों के अध्यक्ष 87 वर्षीय नारायण दास स्वामी, वृद्ध महिलाओं की अध्यक्ष 75 वर्षीय सुमन देवी, 98 वर्षीय रामवती और 78 वर्षीय वेद प्रकाश व 72 वर्षीय सत्यप्रकाश को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभाग के अधिकारी सतीश कुमार, संस्था के सचिव अमरीश श्रीवास्तव, प्रबंधक रत्न सिंह राठौर और स्टोर प्रभारी अजय कुमार मौजूद रहे।