सेना की एक टुकड़ी का कैप्टन शाश्वत सिंह डबास की अगुवाई
विनोद डबास
नई दिल्ली। देश की गौरव गाथा से जुड़े गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर सेना की एक टुकड़ी का अपने लाल कैप्टन शाश्वत सिंह डबास को नेतृत्व करते देख राजधानी के मदनपुर डबास गांव के निवासियों का गर्व से सीना चौड़ा हो गया। देश के 74वें गणतंत्र दिवस की परेड में अपने होनहार छोरे की झलक देेखने के लिए गांव के अधिकतर निवासी बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे ही टीवी के सामने बैठ गए।
कैप्टन शाश्वत सिंह डबास ने 74वें गणतंत्र दिवस की परेड में भारतीय सेना की मराठा लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट की टुकड़ी का नेतृत्व किया। वह कर्तव्य पथ पर सलामी मंच के सामने परेड आरंभ होने के 15 मिनट बाद अपनी टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए पहुंचे। उन्होंने करीब पौने 11 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी दी।
गांव के प्रधान रहे रणवीर सिंह ने कहा कि पिछले तीन दशक से दिल्ली देहात के गांवों के नौजवानों की सेेना में जाने की अधिक रूचि नहीं है, मगर कैप्टन शाश्वत सिंह डबास की उपलब्धि नौजवानों को सेेना की ओर आकर्षित करेगी। वहीं, गांव निवासी समाजसेवी सुनील डबास के अनुसार परेड में कैप्टन शाश्वत सिंह के शामिल होने के बारे में गांव वालों को कई दिन पहले से मालूम था और गांवों में चारों ओर खुशी का माहौल था। उन्हें कर्तव्य पथ पर परेड करते हुए देखने के लिए ग्रामीण बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे से पहले ही टीवी के सामने बैठने लग गए थे।
गांव मदनपुर डबास के निवासियों की तरह जनकपुरी स्थित महाराजा सुरजमल शिक्षा संस्थान प्रबंधन, शिक्षक व विद्यार्थी भी कैप्टन शाश्वत सिंह डबास की उपलब्धि पर गदगद है। प्रबंधन समिति के महासचिव अजित चौधरी बताते है कि कैप्टन शाश्वत सिंह डबास ने उनके संस्थान से शिक्षा ग्रहण की है।