13 नए पीआरवी के साथ सुरक्षा हुई और भी बलवान
अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में किया गया तैनात
माई सिटी रिपोर्टर
गौतमबुद्ध नगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पहले से संचालित पीआरवी के अतिरिक्त 13 नए (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय को और कम करना है। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा इन नए वाहनों का आवंटन थाना क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या घनत्व और कानून-व्यवस्था की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति को बढ़ाने और अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगी। थाना सेक्टर-113, बिसरख, बादलपुर, सूरजपुर, नॉलेज पार्क, दादरी, कासना और बीटा-2 को एक-एक पीआरवी वाहन दिया गया है। वहीं थाना दनकौर और जेवर को दो-दो पीआरवी वाहन आवंटित किए गए हैं। जबकि थाना रबूपुरा को भी एक वाहन उपलब्ध कराया गया है। इस तरह कुल 13 नए वाहन विभिन्न संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं। इन सभी पीआरवी वाहनों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है। इनमें हाईटेक संचार प्रणाली, जीपीएस ट्रैकिंग, सायरन और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं, जिससे किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके। इन वाहनों को 24 घंटे सक्रिय पेट्रोलिंग और आपातकालीन सेवाओं के लिए तैनात किया गया है।
पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि इन पीआरवी वाहनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करना है। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और क्षेत्र में निरंतर निगरानी बनाए रखनी होगी। पीआरवी वाहनों की संख्या बढ़ने से न केवल आपातकालीन कॉल पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज होगी, बल्कि अपराधियों पर भी मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा।