कैराना में यूपी—हरियाणा बॉर्डर पर सनौली नाके पर बैठक करते दोनों प्रदेशों के पुलिस अधिकारी। संवा
कैराना। कांवड़ यात्रा की तैयारियां पुलिस ने शुरू कर दी है। इसे लेकर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर दोनों प्रदेशों के पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान आपसी समन्वय स्थापित कर बॉर्डर पर शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के लिए विचार विमर्श किया गया।
कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्त कावंड़िये कैराना के रास्ते यूपी बॉर्डर से हरियाणा के विभिन्न शहरों और अन्य राज्यों में अपने गंतव्यों की ओर जाते हैं। बुधवार शाम पानीपत जिले के सनौली नाके पर यूपी और हरियाणा के पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेला संपन्न होने तक यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर कांवड़ियों की खासी भीड़ रहती है। यमुना नदी में भी श्रद्धालु स्नान करते हैं। इस लिहाज से दोनों प्रदेशों की पुलिस को समन्वय स्थापित कर सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के लिए मंथन किया गया, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि बैठक में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए विचार विमर्श किया गया है। यमुना तट पर अतिरिक्त गोताखोरों के साथ ही पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। वॉच टावर भी बनवाए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी होगी।