सेक्टर-8 की झुग्ग्यिों में तेजी से फैल रहा कोरोना
नोएडा। सीजफायर कंपनी से निकले कोरोना वायरस सेक्टर-8 की झुग्गियों में तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार को यहां की झुग्गियों में रहने वाले 5 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। वहीं, रविवार को भी एक बच्ची कोरोना संक्रमित मिली। झुग्गियों में वायरस नहीं फैले, इसके लिए सरकारी मशीनरी पूर्ण इंतजाम नहीं कर पा रही है। वहीं, सेक्टर-5 की झुग्ग्यिों में भी कोरोना संक्रमण के 4 मामले सामने आ चुके हैं।
कोरोना के मामले में सीजफायर कंपनी ने जिले को बुरी तरह प्रभावित किया है। गौतमबुद्ध नगर के अलावा आसपास के जिलों में भी कंपनी से निकले वायरस ने संक्रमण फैलाया है। वहीं, सेक्टर-8 और सेक्टर-5 की झुग्ग्यिों में रहने वाले लोग सीजफायर कंपनी के कर्मियों के संपर्क में आए थे। पिछले कुछ दिनों से सीजफायर कंपनी से जुड़ी कोई रिपोर्ट सामने नहीं आ रही थी। शुक्रवार को सेक्टर-8 में रहने वाले 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसको लेकर प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी थी। लेकिन, शनिवार को फिर ढील दे दी गई। रविवार को झुग्गी निवासी 10 वर्षीय बच्ची में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि सेक्टर-8 की झुग्गियों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मरीजों के संपर्क में आने वालों की जांच जारी है।