नोएडा के सेक्टर-71 चौराहे पर अंडरपास के निर्माण के कारण सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास लगा जाम।
- फोटो : Noida
सेक्टर-71 चौराहा : मार्च से पहले नहीं मिलेगी जाम से राहत
नोएडा। शहर के सबसे व्यस्त सेक्टर-71 चौराहे पर जाम से राहत के लिए मार्च तक का इंतजार करना होगा। इस बीच रूट डायवर्जन का दायरा लगातार बढ़ने से परेशानी झेलनी पड़ेगी। अगले सप्ताह से परेशानी और ज्यादा बढ़ने वाली है, क्योंकि होशियारपुर से सेक्टर-61 की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार, सेक्टर-61 व 62 से सेक्टर-76 व भंगेल के बीच वाहनों की सीधी आवाजाही का रास्ता मार्च के दूसरे सप्ताह तक खोला जाएगा। इसके बाद लोगों की राह आसान हो जाएगी। उधर, नोएडा को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोड़ने वाले इस अहम चौराहे पर वाहनों के बेतहाशा दबाव से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। फिलहाल, सेक्टर-76 की ओर से होशियापुर की तरफ जाने वाला रास्ता बंद है। इससे सेक्टर-50 और 51 तक यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। दूसरी तरफ ग्रेनो वेस्ट और मॉडल टाउन की तरफ से भंगेल की तरफ जाने वाले वाहनों को जाम में फंसना पड़ रहा है। संभवत: शनिवार या रविवार को अंडरपास निर्माण के लिए होशियारपुर से सेक्टर-61, 62 व मॉडल टाउन की तरफ जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद वाहन चालकों को गिझौड़, सेक्टर-60 व सेक्टर-57 चौराहे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
दिसंबर में खुलना था रास्ता
प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली-एनसीआर में निर्माण कार्य पर पूरी तरह से रोक थी। इससे सेक्टर-71 चौराहे पर अंडरपास का काम करीब डेढ़ माह तक बंद रहा। प्राधिकरण ने दिसंबर में सेक्टर-76 से सेक्टर-62 के बीच रास्ता खोलने का दावा किया था, लेकिन देरी की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। अब मार्च के दूसरे सप्ताह तक रास्ता खोले जाने की बात कही जा रही है।