नूंह। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई है। जिलाधीश पंकज ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इनकी अवहेलना करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदेशों के मुताबिक परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में पांच या इससे अधिक व्यक्ति इकट्ठा नहीं हो सकते और न ही कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से प्रवेश कर सकता है। केवल ड्यूटी करने वाले कर्मचारी और अधिकारी ही प्रवेश कर सकते हैं। परीक्षाओं के नकल रहित संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों के पास सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा।
आदेशों की अवहेलना करने वाले तथा असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। किसी प्रकार के हथियार साथ लेकर चलने पर पाबंदी रहेगी और परीक्षा केन्द्रों के नजदीक फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले में उक्त परीक्षाओं के लिए मेवात मॉडल स्कूल नगीना, डीपीएस मेवात मॉडल स्कूल नूंह , सरदार गुरुमुख मैमोरियल स्कूल नूंह व मेवात मॉडल स्कूल तावडू परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिन पर 30 मार्च 2020 तक परीक्षाएं होगी।