5 साल बाद खुला सहमति संबंध में युवती की हत्या का राज
नोएडा। 5 साल पहले सहमति संबंध में युवती की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवती की मां लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार वह बेटी और आरोपी को तलाशते हुए नोएडा पहुंची और पुलिस से शिकायत की। तब इस हत्याकांड का राज खुल सका। आरोपी का कहना है कि वह दूसरी जाति में विवाह नहीं कर सकता था, इसलिए शादी का दबाव बनाने पर उसने युवती की हत्या कर दी।
सेंट्रल जोन के एडीसीपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मूलत: प्रतापगढ़ निवासी भीम सिंह सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में रहता था और उसी सेक्टर में स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करता था। उसी कंपनी में काम करने वाली झारखंड निवासी भारती से उसकी नजदीकियां बढ़ी और 2015 में दोनों सहमति संबंध में रहने लगे। इस बात का पता चलने पर युवती के परिजनों ने विरोध जताया। भीम सिंह ने उन्हें कोर्ट मैरिज का झांसा दिया तो भारती के परिजन मान गए। कुछ दिन बाद भारती ने भीम सिंह पर शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके चरित्र पर सवाल उठाते हुए विवाद शुरू कर दिया। मौका पाकर भारती को चाय में नशे की गोली मिलाकर पिला दी। इसके बाद आरोपी भारती को कार में डालकर गाजियाबाद मसूरी नहर के पास ले गया। वहां गला दबाकर भारती की हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया। इसके बाद अपने गांव जाकर शादी कर ली।
प्रतापगढ़ पहुंची मां तब दूसरी शादी का चला पता
झारखंड से भारती की मां मनोरमा जब भी भीम सिंह से बेटी के बारे में पूछती तो कभी उसे गांव में माता-पिता के पास भेजने की बात कहता तो कभी फोन खराब होने की बात कहकर टरका देता था। काफी प्रयास के बाद भी बेटी से संपर्क नहीं हुआ तो भारती की मां आरोपी के प्रतापगढ़ स्थित गांव पहुंची। वहां उनकी मुलाकात भीम सिंह की पत्नी से हुई। इस पर मनोरमा को बेटी की हत्या का शक हुआ। उन्होंने नोएडा आकर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को छिजारसी से गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
गांव लेकर जाता तो होती बदनामी
पूछताछ पर भीम ने पुलिस को बताया कि वह ठाकुर है और युवती किसी दूसरी जाति से थी। यदि वह भारती से शादी करता तो उसे गांव भी ले जाना पड़ता। वहां पर समाज के लोग उस पर ताने कसते। इस वजह से वह भारती से शादी नहीं करना चाहता था। इसलिए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।