- ग्रेटर नोएडा की कासा ग्रीन्स-1 सोसाइटी में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा । ग्रेनो वेस्ट स्थित कासा ग्रीन्स-1 सोसाइटी में एक टॉवर की 15वीं मंजिल से प्लास्टर गिरने की वजह से लोग डरे हुए हैं। राहत की बात यह रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस दौरान नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लास्टर टॉवर ए-9 की 15वीं मंजिल से गिरा। घटना के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अगर उस समय नीचे कोई व्यक्ति गुजर रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
कासा ग्रीन्स-1 सोसाइटी में कुल 9 टॉवर हैं, जिनमें करीब 850 फ्लैट हैं और लगभग 840 परिवार रहते हैं। बड़ी संख्या में लोग रोजाना टावरों के नीचे से आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टर गिरने की घटना की वजह से टॉवरों के नीचे से होकर जाने में भी डर लग रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों और सोसाइटी प्रबंधन से पूरे परिसर की जांच कराने और जहां भी प्लास्टर या टॉवर की स्थिति कमजोर है, वहां जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।