नोएडा। होशियापुर गांव में सफाईकर्मी को थप्पड़ मारने के बाद पिस्टल दिखाकर धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने रविवार रात को गिरफ्तारी के दौरान फॉच्यूर्नर व लाइसेंसी पिस्टल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहलोलपुर निवासी 34 वर्षीय योगेश यादव के रूप में हुई है। एडीसीपी सुमित शुक्ला का कहना है कि पुलिस की टीम ने आरोपी को थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। शनिवार को 54 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कूड़ा गाड़ी और सफेद फार्च्यूनर कार खड़ी दिखाई दे रही थी। वीडियो में उसके पास तीन लोग और मोरना का रहने वाला सफाईकर्मी संजीव कुमार खड़ा दिख रहा था। आरोप है कि कार मालिक योगेश यादव ने पहले सफाईकर्मी से बदसलूकी की और थप्पड़ जड़ दिया। फिर हाथ में पिस्टल लेकर योगेश उसे धमकाता हुआ दिखाई दे रहा है। ब्यूरो