अस्पताल के बाथरूम में युवक ने गले पर चाकू से किया वार
- पहले बेल्ट से फंदा लगाने का किया प्रयास, टायफाइड से पीडि़त है युवक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती 25 वर्षीय युवक ने बुधवार तड़के बाथरूम में खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। इससे पहले उसने बेल्ट के सहारे फंदा लगाने का प्रयास किया था। गंभीर हालत में अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार युवक कई दिनों से टायफाइड बुखार से पीड़ित था और बीमारी के कारण पिछले चार-पांच दिनों से ठीक से सो नहीं पाया था।
पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद के बहरमपुर निवासी गोविंद को 19 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात करीब 2 बजे गोविंद ने पुरुष वार्ड से जुड़े बाथरूम में जाकर पहले बेल्ट से फंदा लगाने का प्रयास किया। बाथरूम की फॉल्स सीलिंग टूट जाने से वह इसमें सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने फल-सब्जी काटने वाले चाकू से अपने गले पर वार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। कर्मचारियों से मिले गोविंद के घरवालों से संपर्क किया। प्रमोद ने पुलिस को बताया कि बीमारी के कारण गोविंद की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।