अल्फा 2 में एमसीए के छात्र ने फंदा लगाकर की आत्महत्या -बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर अल्फा-2 में मंगलवार को एमसीए फर्स्ट ईयर के छात्र ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि करीब एक माह पहले ही मृतक ग्रेटर नोएडा आया था और यहां रहकर ऑनलाइन पढ़ता था। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि कासगंज के नगला खगो गांव निवासी अभिषेक सेक्टर अल्फा-2 के एच ब्लॉक स्थित मकान में किराये पर रहता था। वो एमसीए फर्स्ट ईयर का छात्र था। मंगलवार को छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार कहना है कि आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।