-सगाई समारोह से लौट रहे युवक के सिर पर ईंट से किए थे 20 से अधिक वार
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर (संवाद)। सलारपुर गांव में सगाई समारोह से लौट रहे 40 वर्षीय वीरेंद्र की ईंट से सिर कुचलकर हत्या के मामले में फार्मूला चौकी प्रभारी सौरव सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस ने नामजद आरोपी सोविंद्र कसाना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों दोस्त थे और साथ रहते थे। शनिवार की सुबह किसी बात को लेकर हंसी-मजाक के दौरान दोनों में कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने वीरेंद्र को शाम तक जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद देर शाम वीरेंद्र परिवार में आयोजित सगाई समारोह से पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपी ने वीरेंद्र पर हमला कर दिया। आरोपी ने पास रखी ईंट से वीरेंद्र के सिर पर 20 से अधिक वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई धर्मपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अपराध छोड़ने की नसीहत बनी हत्या की वजह : मृतक के भाई धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि सोविंद्र कसाना आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह पहले भी गांव के लोगों से झगड़ा कर चुका है और उसके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज है। वीरेंद्र उसे अपराध का रास्ता छोड़ने और अपनी आदतों में सुधार करने की नसीहत देता था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।