ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में महिला पर हमले के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पार्श्वनाथ पनोरमा सोसाइटी निवासी प्रिया सिंह का कहना है कि पिछले साल नवंबर को वह अपने पति के साथ गांव तुगलपुर फल-सब्जी बाजार गई थीं। उनके पति सब्जियां लेने गए और वह कार में बैठी रहीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और गाली-गलौज करने लगा। जब महिला बाहर निकलीं, तो आरोपी ने उनकी छाती पर दोनों हाथों से धक्का देकर उन्हें कार में गिरा दिया। फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद दंपती अपनी जान बचाते हुए वहां से भागकर अंसल बिल्डिंग की ओर चले गए। लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने दंपती की गाड़ी को फिर कई बार टक्कर मारी। जिससे दोनों को चोटें आईं और वाहन टूट गया। पुलिस से मदद नहीं मिलने पर कोर्ट की शरण ली है। कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।