ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के गांव सुतियाना में एक महिला को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्वालियर निवासी संजय सिंह तोमर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 नवंबर 2025 की सुबह उनकी पत्नी वंदना तोमर (38) घर से अपनी ड्यूटी के लिए निकली थीं। जब वह पान पराग कॉलोनी गांव सुतियाना के पास पहुंचीं। तभी पानी सप्लाई में प्रयोग होने वाली पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। गाड़ी में निक्की और हरिओम नाम के दो युवक मौजूद थे। इन्हीं में से कोई एक वाहन चला रहा था। हादसे के बाद दोनों युवक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वंदना तोमर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार के बाद समय मिलने पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना कि मामले जांच की जा रही है।