- पिछले साल जुलाई में शासन स्तर से जारी हुआ था नाम बदलने का आदेश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के सादुल्लापुर गांव का नाम अब तक नहीं बदला जा सका है। जबकि शासन स्तर से एक साल पहले नाम बदलने का आदेश हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि शासन स्तर से नाम बदलने के संबंध में कई बार रिपोर्ट मांगी जा चुकी है लेकिन प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। अब फिर से जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस मामले में कार्यवाई की मांग की है। हालांकि नाम बदलने को लेकर गांव में विरोध भी हुआ हैं।
सादुल्लापुर गांव के कुछ ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से गांव का नाम बदलने की मांग की थी। ग्रामीण गांव का नाम सादुल्लापुर की जगह भरतपुर करने की मांग की थी। ग्रामीणों ने तर्क दिया था कि पूर्वज भरतपुर के रहने वाले है। यहां आकर जमीन खरीदकर रहने लगे थे। अब गांव का नाम बदलने की मांग की है। नाम बदलने के लिए दादरी विधायक को भी पत्र सौंपा था। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल जुलाई में शासन स्तर से गांव का नाम बदलने का आदेश जारी किया गया था। तब से अब तक गांव का नाम नहीं बदला जा सका है। ग्रामीण प्रशासन से लगातार संपर्क कर रहे है। शासन स्तर से भी इस पर रिपोर्ट मांगी जा रही है लेकिन कुछ नहीं हो रहा है। अब ग्रामीणों ने फिर से गांव का नाम बदलने की मांग को उठाया है। प्रशासन से मांग की है कि शासन के आदेश का पालन किया जाए। एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे का कहना है कि इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है। संबंधित अफसरों से आदेश के संबंध में रिपोर्ट मांगी जाएगी।