- बीटा-2 थाने में प्राथमिकी दर्ज, घरेलू सहायिका पर लगाया आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गामा-1 में घर की सफाई करने आने वाली सफाईकर्मी पर करीब 15 तोले सोने और हीरे के जेवर चुराने का आरोप लगा है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। गामा-1 निवासी सुमन भाटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अमरोहा के गांव खरगोनी निवासी लक्ष्मी कुमारी पिछले करीब पांच साल से उनके यहां घरेलू सहायिका थी।
सुमन भाटी 25 जून 2026 को बेटे के साथ ओमान गई थीं। इस दौरान घर की साफ-सफाई के लिए लक्ष्मी को ही छोड़ा गया था। सुमन के अनुसार विदेश से लौटकर दीपावली की सफाई के दौरान उन्हें घर में रखे सोने के जेवर गायब मिले। इनमें चार सोने की चेन (चार, तीन, तीन और दो तोले की), करीब ढाई तोले का गले का सेट, करीब पांच ग्राम की अंगूठी, एक हीरे का पेंडेंट और हीरे की दो इयररिंग शामिल हैं। कुल सोना करीब 15 तोले बताया गया है।
सुमन का आरोप है कि पूछताछ में लक्ष्मी ने सेक्टर के कई अन्य घरों में भी चोरी की बात कबूली। उन्होंने बताया कि पूछताछ पर लक्ष्मी ने करीब दो तोला सोना लौटा दिया। बाकी जेवर अब भी बरामद नहीं हुए हैं। आरोपी महिला गामा-1 में रहती है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच जारी है।