- बुजुर्ग पिता ने बहू, उसके भतीजे व अन्य पर लगाया आरोप-बीटा
-2 कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दर्ज की प्राथमिकीमाई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-36 में रहने वाले एक बुजुर्ग ने अपनी बहू और उसके परिजनों पर मकान हड़पने की साजिश रचने और जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बुधवार को बहू, उसके भतीजे और अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
सेक्टर-36 निवासी अजय पाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा रोहित न्यूजीलैंड में रहता है। वह अपनी गंभीर रूप से बीमार पत्नी के साथ घर में अकेले रहकर उनकी देखभाल करते हैं। उनका आरोप है कि बहू लंबे समय से मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है और मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।
19 जुलाई की सुबह करीब 9:20 बजे अजय पाल सिंह अपने घर के मुख्य द्वार पर खड़े थे। इसी दौरान एक फार्च्यूनर कार से बहू का भतीजा मयंक भाटी, उसका ड्राइवर लल्लू और एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने आते ही उन पर हमला बोल दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में बुजुर्ग घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उन्होंने अपने बेटे को पढ़ा-लिखाकर विदेश में स्थापित किया, लेकिन अब उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर बहू और उसके मायके पक्ष के लोग संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से गंभीर बीमारियों के चलते बिस्तर पर हैं और उनकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। वहीं प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।