लोन एप से कर्ज लेने वालों को ब्लैकमेल करने वाले छह साइबर जालसाज गिरफ्तार- वीडियो कॉल कर लेते थे संपर्क, अश्लील फोटो एडिट कर ब्लैकमेल करते हुए म्यूल खातों में कराते थे रकम जमा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। लोन एप के जरिये कर्ज लेने वाले लोगों को ब्लैकमेल कर रकम ऐंठने वाले गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोमवार को छह आरोपियों को सेक्टर-141 से गिरफ्तार किया है। इनके पास से सात मोबाइल फोन, चार एटीएम/डेबिट कार्ड, दो पासबुक, दो ड्राइविंग लाइसेंस, दो पर्स और 810 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक म्यूल बैंक खातों के जरिये करीब 25 लाख रुपये की ठगी कर चुके हैं।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि सूचना के आधार पर सोमवार को छह साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नई दिल्ली के कापासेड़ा निवासी निशांत कुमार, याकूबपुर सेक्टर-83 निवासी अनीस अली और आदित्य कुमार, बिहार के वैशाली निवासी पंकज कुमार, बुलंदशहर निवासी निक्की शर्मा और शिवा शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी निजी लोन एप से कर्ज लेने वाले लोगों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे संपर्क किया जाता था। बातचीत के दौरान यूपीआई या क्यूआर कोड के जरिये रकम मंगाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ितों की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील रूप में तैयार करते थे। फिर इन्हें भेजकर बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होने के डर का फायदा उठाकर पीड़ितों से दूसरी बैंक खातों में भी रकम जमा कराई जाती थी। इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से हासिल धनराशि को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था।
एनसीआपी पर आरोपियों की पांच शिकायत : पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर पांच शिकायतें दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात की एक-एक और महाराष्ट्र की दो शिकायतें शामिल हैं। साइबर क्राइम पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम पहुंची।
अश्लील फोटो से ब्लैकमेल करें तो क्या करे : अगर कोई व्यक्ति एडिट की गई अश्लील तस्वीर भेजकर पैसे मांगता है तो घबराकर भुगतान न करें। आरोपी के संदेश, मोबाइल नंबर, बैंक खाते और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें। तुरंत 1930 पर साइबर धोखाधड़ी की सूचना दें।