हूटर बजाकर दौड़ाई कार, जाम लगने पर की मारपीट
- जान से मारने की धमकी देकर भागा आरोपी, प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 छिजारसी के पास बिन नंबर प्लेट की कार हूटर बजाकर दौड़ाने और जाम लगने पर मारपीट करने की घटना सामने आई है। पीड़ित ने हुड़दंग करने वाले कार चालक के खिलाफ शिकायत देकर सेक्टर-63 थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चोटपुर कॉलोनी निवासी राहुल ठाकुर ने शिकायत में बताया है कि 13 फरवरी की दोपहर करीब 12:30 बजे बच्चों को लेने के लिए उसके स्कूल जा रहे थे। जब वह आश्रम रोड के निकट पुस्ता रोड पर पहुंचे तो वहां जाम लगा हुआ था। अचानक सामने से एक सफेद रंग की बिना नंबर की कार हूटर बजाते हुए आई। उसके चालक ने शीशे से निकलकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता के पास आया और गला दबाकर घूंसे मारने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जब लोग एकत्र होने शुरू हुए तो आरोपी भाग गया। घटना के दौरान शिकायतकर्ता की 22 ग्राम वजनी सोने की चेन भी गायब हो गई। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी पर्थला गांव निवासी रोहित है। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।